वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़ः जंक्शन से 600 दुर्लभ कछुए बरामद, पांच गिरफ्तार

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). वन्यजीव संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रयागराज वन प्रभाग को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। 28 जनवरी 2026 को प्रयागराज रेलवे जंक्शन पर जीआरपी, आरपीएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सुंदरी प्रजाति के लगभग 600 कछुओं को अवैध तस्करी से मुक्त कराया। इस दौरान पांच संदिग्ध तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रयागराज राणा प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें उनकी टीम ने सटीक सूचना के आधार पर रेलवे परिसर में छापेमारी की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कछुओं को विभिन्न जिलों से एकत्र कर पूर्वी भारत के राज्यों में अवैध रूप से सप्लाई करने की तैयारी थी। बरामद वन्यजीवों की अनुमानित कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं समेत अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सभी बरामद कछुओं का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और उन्हें सुरक्षित संरक्षण स्थल पर रखा गया है।
प्रभागीय निदेशक प्रयागराज अरविंद कुमार यादव ने स्पष्ट किया कि वन्यजीवों की तस्करी और अवैध व्यापार के खिलाफ विभाग की नीति पूरी तरह शून्य सहनशीलता की है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी वन्यजीवों के अवैध शिकार, व्यापार या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत वन विभाग, नजदीकी रेंज कार्यालय, पुलिस या जिला प्रशासन को सूचित करें।


