ताज़ा खबरसंसार

Colombia Plane Crash: सांसद डियोजेनेस क्विंटरोसमेत 15 की मौत

The live ink desk. कोलंबिया में बुधवार को हुए एक दर्दनाक विमान हादसे (Plane Crash) ने देश को गहरे शोक में डुबो दिया। नॉर्टे डी सैंटेंडर प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान में सवार सभी 15 लोगों की मौत हो गई, जिनमें प्रतिनिधि सभा के सदस्य डियोजेनेस क्विंटरो भी शामिल थे। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में किसी के भी जीवित बचने की संभावना नहीं रही।

सरकारी एयरलाइन सतेना का यह विमान कुकुटा के कैमिलो डाजा एयरपोर्ट से ओकाना के लिए रवाना हुआ था। नागरिक विमानन मंत्रालय के मुताबिक, विमान ने सुबह 11:42 बजे उड़ान भरी, लेकिन महज 12 मिनट बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क टूट गया। बाद में व्यापक खोज अभियान के बाद विमान का मलबा (Plane Crash) ला प्लाया डे बेलेन के ग्रामीण क्षेत्र में बरामद किया गया।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विमान में 13 यात्री और दो क्रू सदस्य सवार थे। सांसद क्विंटरो के कार्यालय ने बताया कि उड़ान के बाद उनका और उनके सहायक का संपर्क अचानक समाप्त हो गया था। मोबाइल लोकेशन से भी पुष्टि हुई कि अंतिम संकेत कुकुटा एयरपोर्ट के आसपास ही मिला था।

36 वर्षीय डियोजेनेस क्विंटरो पेशे से वकील थे और वर्ष 2022 में उन्हें प्रतिनिधि सभा में उन 16 विशेष सदस्यों में चुना गया था, जो दशकों तक चले सशस्त्र संघर्ष से प्रभावित पीड़ितों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनकी असामयिक मृत्यु को देश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।

इस हादसे पर राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। वहीं, नॉर्टे डी सैंटेंडर के गवर्नर कार्यालय और क्विंटरो की पार्टी ने भी शोक संदेश जारी कर पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता प्रकट की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button