अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

हीरागंज से कथित डॉक्टर गिरफ्तार, सरकारी दवाएं बरामद

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए स्वास्थ्य विभाग और थाना महेशगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने हीरागंज बाजार में चल रहे एक फर्जी क्लीनिक का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान छह बंडल सरकारी दवाएं बरामद की गईं और बिना पंजीकरण इलाज कर रहे कथित डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया।

मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर मिली शिकायत के बाद उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आजाद अहमद के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मन्नत क्लीनिक का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि क्लीनिक न तो पंजीकृत था और न ही वहां वैध रूप से चिकित्सा सेवाएं दी जा रही थीं। इसके अलावा सरकारी दवाओं का अवैध भंडारण और वितरण भी पाया गया।

छापेमारी के दौरान मौके से अरशद अहमद निवासी कुंडा बस स्टेशन रोड, थाना कुंडा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में वह वैध चिकित्सकीय पंजीकरण या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में थाना महेशगंज पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से इलाज करने वालों और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग के मामलों में आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button