पुलिस पर हमला, हाईवे जाम करने में 23 उपद्रवी गिरफ्तार

युवक की मौत के बाद फूटा था भीड़ का गुस्सा, डंडे-सरिया बरामद, नवजात संग महिला भी हिरासत में
प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). मानिकपुर थाना क्षेत्र के शाहूमई गांव में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद भड़के आक्रोश ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। जहरीला पदार्थ सेवन से युवक की मौत के तीन दिन बाद भी कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए सोमवार को महिला-पुरुष समेत 23 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने और थाना फूंकने की साजिश रच रहे थे। इसी दौरान मानिकपुर पुलिस ने बिटियन मेला ग्राउंड के पास घेराबंदी कर सभी को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 23 लकड़ी के डंडे, दो लोहे की सरिया और एक सीयूजी मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में एक महिला भी शामिल है, जिसकी गोद में नवजात शिशु था। पुलिस का कहना है कि उपद्रवी दोबारा हिंसा फैलाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की तैयारी में थे।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देश पर मानिकपुर थाने में राष्ट्रीय राजमार्ग अवरोध, पुलिस बल पर प्राणघातक हमला, सरकारी कार्य में बाधा और सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त करने के गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

