तिलक लगाकर सीनियर्स को दी विदाई, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा मंच

प्रयागराज (आरके सिंह). एस.एल.बी. इंटर कॉलेज, चनैनी, करछना में शनिवार को इंटरमीडिएट के छात्र–छात्राओं के लिए भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठ साथियों के सम्मान में सुसज्जित और सुव्यवस्थित कार्यक्रम प्रस्तुत कर वातावरण को यादगार बना दिया।
समारोह का शुभारंभ विद्यालय परिसर में माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। विद्यालय के प्रबंधक निर्मल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, सफलता और सदाचार के लिए मंगलकामनाएं कीं। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की सुमधुर प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंग भर दिया।
कक्षा 11 के छात्र–छात्राओं ने इंटर के विद्यार्थियों का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान मंच और प्रांगण भावनाओं से सराबोर नजर आया। कई ऐसे विद्यार्थी, जिन्होंने प्री-नर्सरी से लेकर इंटर तक इसी विद्यालय में शिक्षा ग्रहण की थी, अपने इस शैक्षणिक सफर के समापन पर भावुक हो उठे। शिक्षक, सहपाठी और विद्यालय से जुड़ी स्मृतियों को याद कर विद्यार्थियों की आंखें नम दिखाई दीं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रबंधक निर्मल सिंह ने इंटर के विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों के बल पर ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय की गरिमा बनाए रखने और आगे बढ़कर समाज व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। इसके साथ ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में विदाई समारोह का समापन किया गया।






