ग्राम बंधवा की बुनियादी समस्याओं को लेकर अनिश्चित कालीन धरना शुरू

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). यमुनापार की तहसील बारा के ग्राम बंधवा (खंड शंकरगढ़) की लंबित नागरिक समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बुधवार को धरने के रूप में सामने आया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के तहसील अध्यक्ष एवं ब्लाक अध्यश्र द्वारा पूर्व में उपजिलाधिकारी बारा को सौंपे गए ज्ञापन पर कोई कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में खासी नाराजगी है। नाराज ग्रामीणों ने संगठन के ब्लाक अध्यक्ष यतेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की कई बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। बंधवा ग्राम वर्षों से उपेक्षा का शिकार हैं, जिनके समाधान के लिए तहसील प्रशासन को अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। धरने में गांव के सैकड़ों ग्रामीणों के साथ-साथ किसान संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हैं।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में ग्राम बंधवा में काली सड़क से प्राथमिक विद्यालय तक सड़क का निर्माण, नहर की पुलिया से काली सड़क तक लगभग 500 मीटर सड़क का निर्माण, वन विभाग द्वारा गांव के लगभग 200 वृक्षों की कटान संबंधी नोटिस को वापस लेने, बंद पड़ी पानी की टंकी को तत्काल चालू कराने और गोशाला का निर्माण की मांग शामिल है।
धरना दे रहे ग्रामीणों और संगठन पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक इन समस्याओं का समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि धरने के दौरान कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी तहसील प्रशासन की होगी।
धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है, ताकि गांव में सामान्य जनजीवन बहाल हो सके और आंदोलन समाप्त किया जा सके।


