मुठभेड़ में 50000 का इनामिया गैंगस्टर अतुल उर्फ राजा घायल

एटीएल के पास चेकिंग अभियान के दौरान हुई मुठभेड़
प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में गश्त और सघन चेकिंग के दौरान पुलिस की मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी अंतरजनपदीय गैंगस्टर को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ एटीएल ग्राउंड के समीप हुई, जहां आरोपी के बाएं पैर में गोली लगने के बाद उसे काबू में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया अभियुक्त अतुल गौड़ उर्फ राजा पुत्र लहरी है, जिसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट सहित हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, धोखाधड़ी और आयुध अधिनियम जैसे गंभीर आरोपों में कुल 38 मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं। उसके खिलाफ सुल्तानपुर, जौनपुर और प्रतापगढ़ में आपराधिक प्रकरण लंबित बताए गए हैं।
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर क्षेत्र में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
अभियुक्त के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल, प्रतापगढ़ भेजा गया, जहां उसकी निगरानी में चिकित्सा जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

