प्रयागराज से दबोचा गया 50 हजार का इनामिया पशु तस्कर धीरेंद्र

चंदौली जिले के सैयदराजा थाने में दर्ज केस में है वांछित
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). स्पेशल टास्क फोर्स, उत्तर प्रदेश (एसटीएफ) ने 50 हजार रुपये के इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्त धीरेन्द्र कुमार गुप्ता को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। आरोपी जनपद चंदौली के सैयदराजा थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था।
एसटीएफ के अनुसार, थाना सैयदराजा, जनपद चंदौली में दर्ज मुकदमा संख्या 75/2025 में धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम तथा धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत उसका नाम विवेचना के दौरान प्रकाश में आया था। मामले में उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
गिरफ्तारी का विवरण
अभियुक्त की पहचान धीरेन्द्र कुमार गुप्ता (42 वर्ष), निवासी ग्राम फैजुल्लापुर हेतापट्टी, थाना थरवई, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। उसे 18 फरवरी 2026 को दोपहर 2:10 बजे झूंसी-हेतापट्टी मुख्य मार्ग पर भैय्याराम पान भंडार के सामने से गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज की टीम ने की। टीम में उपनिरीक्षक गुलजार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
प्रकरण की पृष्ठभूमि
जांच के अनुसार, 4 अप्रैल 2025 को वाहन संख्या यूपी-83 सीटी 6097 पर गोवंशीय पशु लादकर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाए जा रहे थे। उक्त वाहन को सैयदराजा पुलिस ने एनएच-2 पर नगर पंचायत पोखरा के समीप सुण्डेहेरा गांव के सामने पकड़ा था। इस प्रकरण में वाहन स्वामी के रूप में धीरेन्द्र कुमार गुप्ता का नाम सामने आया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वाहन उसका है और वह उसे किराये पर चलवाता था। मुकदमे में नाम आने तथा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित होने की जानकारी मिलने के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार स्थान बदलकर रह रहा था।
आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार अभियुक्त को संबंधित धाराओं में थाना सैयदराजा, जनपद चंदौली में दाखिल कर दिया गया है। प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि इनामी और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।


One Comment