तीन वर्षीय भतीजी को कुएं में फेंका, हत्यारोपी चाचा गिरफ्तार

भदोही (संजय सिंह). जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र के दानूपुर पश्चिम पट्टी (सोनघड़ी) गांव में गुरुवार को एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई। तीन वर्षीय बालिका की कुएं में गिरने से मृत्यु हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्ची को उसके रिश्ते के चाचा ने कुएं में फेंका।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान आंचल (3), पुत्री राजू बिंद के रूप में हुई है। घटना के समय वह घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। आरोप है कि चचेरे चाचा रंजीत उर्फ नन्हे ने उसे उठाकर पास स्थित कुएं में डाल दिया।
सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की सहायता से बच्ची को कुएं से बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष सुरियावां मनीष कुमार द्विवेदी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन कराया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर विधिक प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना जारी है।


