Chandrashekhar Azad Park: शैक्षिक भ्रमण पर आई छात्राओं पर मधुमक्खियों का हमला

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). अमर बलिदानी चंद्रशेखर आजाद पार्क (Chandrashekhar Azad Park), जिसे हम कंपनी बाग के नाम से भी जानते हैं, के संग्रहालय परिसर के पास शुक्रवार दोपहर शैक्षणिक भ्रमण पर आई छात्राओं के एक समूह पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना में कुल 43 छात्राएँ प्रभावित हुईं, जिनमें से तीन को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार, Kasturba Gandhi Balika Vidyalaya (आवासीय इंटर कॉलेज) की लगभग 100 छात्राएँ अधिकृत शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के तहत शिक्षकों के साथ पार्क पहुँची थीं। दोपहर करीब दो बजे भोजनावकाश के दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड छात्राओं पर टूट पड़ा। अप्रत्याशित हमले से परिसर में अफरातफरी मच गई और बचने के प्रयास में कई छात्राएँ इधर-उधर भागने लगीं, जिससे कुछ को अतिरिक्त चोटें भी आईं।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और विद्यालय स्टाफ ने राहत कार्य शुरू किया और घायल छात्राओं को तत्काल एससआरएन (Swaroop Rani Nehru Hospital) ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार कुल 43 छात्राओं को उपचार हेतु लाया गया था। चिकित्सकों की टीम ने 40 छात्राओं को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी, जबकि तीन छात्राओं को अधिक संख्या में डंक लगने के कारण भर्ती किया गया। उनकी स्थिति अब स्थिर बताई गई है।
एसआरएन (Motilal Nehru Medical College) के डॉ. संतोष सिंह ने पुष्टि की कि सभी प्रभावित छात्राओं को आवश्यक एंटी-वेनम और अन्य औषधीय उपचार दिया गया है। अस्पताल प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार भ्रमण कार्यक्रम पूर्व स्वीकृत था और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था। प्रभावित छात्राएँ प्रयागराज जनपद के विभिन्न विकास खंडों—बहादुरपुर, प्रतापपुर, सैदाबाद और फूलपुर—से संबंधित हैं।
घटना के बाद पार्क परिसर में एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि भविष्य में ऐसे स्थलों पर भ्रमण के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।

