मदनपुर को मिला खेल मैदान, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स और ग्रामीण हाट

फूलपुर विधायक दीपक पटेल, बारा विधायक डा. वाचस्पति ने संयुक्त रूप से विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). शंकरगढ़ विकास खंड के ग्राम मदनपुर में सोमवार को एक साथ चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। नव निर्मित खेल मैदान, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ग्रामीण हाट और अन्नपूर्णा भवन को औपचारिक रूप से जनता को समर्पित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
लोकार्पण समारोह में फूलपुर के विधायक दीपक पटेल, क्षेत्रीय विधायक डॉ. वाचस्पति, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, ब्लॉक प्रमुख निर्मला देवी तथा खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने शिलापट्ट का अनावरण और फीता काटकर परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
विधायक डॉ. वाचस्पति ने कहा कि क्षेत्र के सभी गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता है और मदनपुर में विकसित मॉडल को अन्य ग्राम पंचायतों में भी लागू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने युवाओं, किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण को विकास की मुख्य धुरी बताया।
मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने कहा कि खेल, आजीविका और सामुदायिक गतिविधियों से जुड़ी सुविधाओं को एक साथ विकसित करना ग्रामीण विकास की समग्र रणनीति का हिस्सा है। ग्रामीण हाट स्थानीय उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देगा, जबकि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगी अवसर उपलब्ध कराएगा।


खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अन्नपूर्णा भवन सामाजिक एवं सामुदायिक आयोजनों का केंद्र बनेगा, जिससे गांव में सार्वजनिक गतिविधियों को संगठित मंच मिलेगा।
ग्रामीणों ने नई सुविधाओं को गांव के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे खेल, व्यापार और सामाजिक जीवन को नई गति मिलेगी। स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इन परियोजनाओं से मदनपुर को विकास खंड में एक आदर्श ग्राम के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
