अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलपूर्वांचलबुंदेलखंडराज्य

होली पर रोडवेज चलाएगा अतिरिक्त बसें, कर्मियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

28 फरवरी से नौ मार्च तक अतिरिक्त बसों का होगा संचालन

लखनऊ (विजय मिश्र). होली पर्व के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए यूपीएसआरटीसी (Uttar Pradesh State Road Transport Corporation) ने 28 फरवरी से नौ  मार्च तक विशेष संचालन योजना लागू करने का निर्णय लिया है। परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह (Dayashankar Singh) ने बताया कि दिल्ली, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सर्वाधिक दबाव रहने की संभावना है, इसलिए इन रूटों पर अतिरिक्त बसों और कर्मियों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित की गई है। प्रारंभिक स्टेशनों से 60 प्रतिशत या उससे अधिक यात्री लोड मिलने पर अन्य क्षेत्रों में भी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए प्रवर्तन दलों को सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। चालकों और परिचालकों की ब्रेथ एनालाइजर जांच की जाएगी। बसों में फायर सेफ्टी उपकरण, सही सीटें, दुरुस्त शीशे और तकनीकी मानकों का पालन अनिवार्य किया गया है। साथ ही बस अड्डों और वाहनों में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रखने को कहा गया है, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो।

3600-4500 रुपये होगी प्रोत्साहन राशि

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चालक-परिचालकों (संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों सहित) को 3600 से 4500 रुपये तक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर संचालन पर 360 रुपये प्रतिदिन की दर से भुगतान होगा।

10 दिन की पूर्ण ड्यूटी और निर्धारित लक्ष्य पूरा करने पर 450 रुपये प्रतिदिन की दर से 4500 रुपये तक प्रोत्साहन मिलेगा, जबकि निर्धारित सीमा से अधिक संचालन पर प्रति किलोमीटर 55 पैसे अतिरिक्त दिए जाएंगे। डिपो एवं कार्यशालाओं में लगातार 10 दिन ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को 2100 रुपये और 9 दिन ड्यूटी करने पर 1800 रुपये एकमुश्त प्रदान किए जाएंगे।

परिवहन निगम की सभी बसें रहें आनरोड

परिवहन मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि निगम की सभी उपलब्ध बसें ऑनरोड रहें और अनुबंधित बसों के चालक-परिचालकों को पर्व अवधि में अवकाश न दिया जाए। वाहन स्वामियों को समय रहते मरम्मत और फिटनेस संबंधी कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

इसके अलावा सर्वाधिक आय अर्जित करने वाले तीन क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं सेवा प्रबंधकों तथा 10 उत्कृष्ट डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। सरकार का कहना है कि पर्व के दौरान सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button