गौहनिया ओवरब्रिजः सर्विस रोड पर सड़ रहा मवेशियों का अवशेष, गुजरना भी मुश्किल

प्रयागराज (श्याम प्रकाश सिंह). यमुनापार में स्थित गौहनिया (Gauhaniya) ओवरब्रिज के नीचे बुंदावा गांव के सामने सड़क किनारे मृत मवेशियों को फेंके जाने से हालात गंभीर हो गए हैं। सड़े-गले शवों से उठ रही तीखी दुर्गंध के कारण इस मार्ग से गुजरना मुश्किल हो गया है, वहीं आसपास की बस्ती में रहने वाले लोग भी बदबू और प्रदूषण से परेशान हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, एक रिक्शा-ट्रॉली चालक आसपास के गांवों से मृत पशु लाकर रात के समय यहां डाल जाता है। इसके बदले उसे पशुपालकों से भुगतान मिलता है। कई महीनों से जारी इस क्रम के चलते स्थल पर हड्डियों के ढेर लग गए हैं। सूखने के बाद इन्हें कुछ कारोबारी वाहन से उठाकर ले जाते हैं।
सड़क किनारे अक्सर आधा दर्जन से अधिक पशु शव पड़े रहते हैं, जिन्हें कुत्ते और कौवे नोचते हैं। दुर्गंध इतनी तीव्र है कि कई राहगीरों को उल्टी तक हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रदूषित हवा से स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है।
उक्त दुर्गंध से वायु वातावरण काफी दूर तक दूषित होने से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बुंदावा गांव के महमूद अली, बाबूजी पटेल, उमाकांत यादव, सकलैन अहमद, नियामत हुसैन, दिनेश पटेल, अशोक कुशवाहा, राजेश कुशवाहा ने बताया कि मृत मवेशियों सड़गल जाने के बाद वायु पर्यावरण दूषित होने के वजह से राहगीर तो परेशान हो रहे हैं। वहीं गांव के लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मृत मवेशियों को फेंके जाने पर रोक लगाने और फेंके मृत मवेशियों को हटवाने की पुरजोर मांग की है। उक्त मामले में एसडीएम बारा प्रेरणा गौतम ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है जांच कर फेंके गए मृत मवेशियों को हटवाया जायेगा और आगे फेंकने से रोका जाएगा।

