रंगोत्सवः समय पर मिलेगी तनख्वाह, दो से चार मार्च तक होली की छुट्टी

लखनऊ (विजय मिश्र). होली के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए वेतन भुगतान को लेकर स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी किए हैं। योगी आदित्यनाथ ने सभी विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक सरकारी कर्मचारी का वेतन हर हाल में होली से पहले उसके खाते में पहुंच जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहार के समय किसी भी कर्मचारी को आर्थिक असुविधा का सामना न करना पड़े, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से आउटसोर्सिंग कर्मियों, संविदा कर्मचारियों और सफाईकर्मियों के भुगतान पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी श्रेणी के कर्मचारी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।
सरकार ने चेतावनी दी है कि वेतन वितरण में देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। वित्त और कोषागार विभाग को समयबद्ध प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भुगतान प्रणाली में कोई तकनीकी या प्रशासनिक बाधा न आए।
प्रशासनिक व्यवस्था के तहत 28 फरवरी 2026 (शनिवार) को कार्यदिवस घोषित किया गया है, जबकि कर्मचारियों को 3 मार्च 2026 को अतिरिक्त अवकाश प्रदान किया जाएगा। प्रदेश में होली का सार्वजनिक अवकाश 2, 3 और 4 मार्च को रहेगा। सरकार के इस निर्णय से लाखों कर्मचारियों और उनके परिवारों को त्योहार से पहले आर्थिक संबल मिलेगा और वे उत्साहपूर्वक होली मना सकेंगे।



