उत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपूर्वांचलराज्य

नहीं मिली नियुक्ति तो मोबाइल टावर पर चढ़ा अधेड़ अभ्यर्थी

कहा- पिछले 18 साल से केवल आश्वासन ही मिला, लंबी बातचीत के बाद प्रशासन ने सुरक्षित नीचे उतारा

भदोही (संजय सिंह). सफाई कर्मी भर्ती प्रक्रिया में लंबित नियुक्तियों को लेकर जिला मुख्यालय मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण हो उठा, जब 55 वर्षीय अभ्यर्थी पंधारी कन्नौजिया मोबाइल टावर पर चढ़ गए। अचानक हुई इस घटना से परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौजूद अभ्यर्थियों व कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई। टावर पर चढ़े अभ्यर्थी ने स्पष्ट कहा कि 18 वर्षों से केवल आश्वासन मिल रहा है, लेकिन नियुक्ति नहीं—ऐसे में अब ठोस निर्णय के बिना नीचे उतरना संभव नहीं।

जानकारी के अनुसार, सफाई कर्मी भर्ती से जुड़े अभ्यर्थी लंबे समय से नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि प्रक्रिया बार-बार टलती रही और प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी आक्रोश के बीच यह नाटकीय घटनाक्रम सामने आया। टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और समझाइश का दौर शुरू हुआ। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल भी तैनात किया गया।

करीब कई घंटों तक चले इस घटनाक्रम के दौरान अन्य अभ्यर्थी भी अपनी मांगों को लेकर मुखर रहे। उन्होंने कहा कि वर्षों की प्रतीक्षा अब असहनीय हो चुकी है और यदि शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को शासन स्तर तक गंभीरता से पहुंचाया जाएगा और नियमों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।

लंबी बातचीत और भरोसे के बाद पंधारी कन्नौजिया को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। हालांकि, इस घटना ने लंबित भर्ती प्रक्रियाओं और अभ्यर्थियों की बढ़ती निराशा को एक बार फिर केंद्र में ला दिया है। जिला मुख्यालय में पूरे दिन यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button