अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

घूरपुर में ITI के छात्र की गोली से मौत, हत्या-आत्महत्या में उलझा मामला

प्रयागराज (श्याम प्रकाश सिंह).  घूरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक निजी विद्यालय के कमरे में 22 वर्षीय आईटीआई छात्र का शव खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ। युवक के माथे पर गोली का निशान और दाहिने हाथ में देसी तमंचा मिलने से मामला और रहस्यमय हो गया है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या—दोनों एंगल से जांच में जुटी है।

मृतक की पहचान साहिल शुक्ला (22) पुत्र रेवती रमण शुक्ला, निवासी गोबरा तरहार, थाना लालापुर के रूप में हुई है। वह नैनी स्थित ओपेक्स आईटीआई में अध्ययनरत था और अपने फूफा लक्ष्मीकांत तिवारी के विद्यालय—शारदा प्रयाग पब्लिक स्कूल, चक गौरी शंकर, नीबी नैनी—के एक कमरे में रह रहा था। विद्यालय की देखरेख और परिसर की चाबियां भी उसी के पास रहती थीं।

सुबह खुला राज, कमरे में मिला शव

शुक्रवार सुबह करीब सात बजे विद्यालय की दाई रोज़ की तरह परिसर पहुंची। चाबियां लेने के लिए उसने साहिल का दरवाजा खटखटाया, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर दरवाजा धक्का देकर खोला गया तो भीतर का दृश्य देख उसके होश उड़ गए।

कमरे में कुर्सी के पास जमीन पर साहिल का शव पड़ा था। माथे पर गोली का घाव था, सिर से बहा खून फर्श पर फैला हुआ था और दाहिने हाथ में देसी तमंचा पकड़ा हुआ था। यह दृश्य देख विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

दाई ने तुरंत विद्यालय के प्रबंधक एवं मृतक के फूफा लक्ष्मीकांत तिवारी को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही वे विद्यालय पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता रेवती रमण शुक्ला भी मौके पर पहुंचे।

घटना की सूचना पर घूरपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से थाने में लिखित तहरीर देकर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

हत्या या आत्महत्या? उठ रहे कई सवाल

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं—यदि यह आत्महत्या है तो युवक के हाथ में तमंचा कैसे बना रहा? उसे हथियार कहां से मिला? और अगर हत्या है, तो फिर घटनास्थल का स्वरूप ऐसा क्यों है कि आत्महत्या का आभास होता है?

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही सामने आएगा। एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने बताया कि प्रारंभिक जांच आत्महत्या की ओर संकेत करती है, परंतु सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।

मोबाइल कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत रात में ही हो चुकी थी और सुबह विद्यालय खुलने पर घटना की जानकारी हुई। बताया जा रहा है कि रात भर उसके मोबाइल फोन पर कई कॉल आती रहीं, लेकिन मोबाइल की स्क्रीन क्षतिग्रस्त होने के कारण तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी। अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के माध्यम से संपर्क सूत्रों और संभावित कारणों की जांच की जा रही है।

फिलहाल इस रहस्यमय मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। परिजन गहरे सदमे में हैं, जबकि पुलिस की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जो इस उलझी गुत्थी से पर्दा उठा सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button