मतदाता सूची पुनरीक्षणः 93.43 प्रतिशत मतदाताओं तक पहुंचाई गई नोटिस

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 27 मार्च तक होगा सभी आवेदनों का निस्तारण
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के तहत चल रही प्रक्रिया की समीक्षा के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित संगम सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने की, जिसमें जनपद के मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पूजा मिश्रा ने राजनीतिक दलों को पुनरीक्षण कार्य की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नो-मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी श्रेणी के मतदाताओं को जारी नोटिसों की डिलीवरी और सुनवाई की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि नौ मार्च, 2026 को दोपहर 2 बजे तक कुल 10,62,435 नोटिसों में से 9,92,654 नोटिस (93.43 प्रतिशत) बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से संबंधित मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं। वहीं 9,89,035 नोटिसों (93.09 प्रतिशत) पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा सुनवाई भी पूरी कर ली गई है। शेष मामलों में कार्यवाही जारी है।
आयोग द्वारा दावे और आपत्तियों के लिए निर्धारित अंतिम तिथि 6 मार्च 2026 तक प्राप्त फार्म-6, फार्म-6ए, फार्म-7 और फार्म-8 की जानकारी भी बैठक में साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इन सभी आवेदनों का निस्तारण 27 मार्च 2026 तक कर लिया जाएगा।

जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में फार्म-6 (नए मतदाता पंजीकरण) के लिए कुल 2,84,312 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि फार्म-6ए के 85, फार्म-7 (नाम विलोपन) के 9,584 और फार्म-8 (संशोधन) के 63,466 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण प्रक्रिया में सहयोग करने तथा मतदाताओं को जागरूक करने की अपील भी की।



