उत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपूर्वांचलराज्य

14 और 15 मार्च को होगी उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा, डीएम-एसपी ने की समीक्षा

भदोही (संजय सिंह). उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) और समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा से जुड़े प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल सहित जनपद स्तर पर गठित परीक्षा समिति और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने परीक्षा के सुचारु संचालन को लेकर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती बोर्ड, लखनऊ के निर्देशानुसार लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद में यह परीक्षा छह केंद्रों पर कराई जाएगी।

डीएम ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त सहायक केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती कर दी गई है। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन और परीक्षा केंद्रों पर पहुंचाने की जिम्मेदारी भी निर्धारित अधिकारियों को सौंपी गई है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा प्रक्रिया की पवित्रता बनाए रखना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम प्रशासन और पुलिस की निगरानी में रहेगा तथा पूरे समय कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष चक को सभी परीक्षा केंद्रों पर एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था की पर्याप्त व्यवस्था रखने के लिए भी कहा गया।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक दिशा-निर्देश पुस्तिका का भली-भांति अध्ययन कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्रों की आवाजाही प्रशासन और पुलिस की निगरानी में होगी तथा सभी परीक्षा केंद्रों और स्ट्रांग रूम पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया अनुशासन, पारदर्शिता और सतर्कता के साथ संपन्न कराई जाए।

इस अवसर पर सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, जिला विकास अधिकारी ज्ञान प्रकाश, एआरटीओ राम सिंह, उप कृषि निदेशक डॉ. अश्वनी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडे, केएनपीजी कॉलेज के प्राचार्य, सभी परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button