अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

गड्ढे में मिला युवक का शव,  मौके से क्षतिग्रस्त बाइक बरामद

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव गहरे गड्ढे में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बहरिया थाना क्षेत्र के करनाईपुर पटेल नगर चौराहा के पास हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के पास युवक की क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल भी मिली है, जिससे दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी 35 वर्षीय संजय कुमार गौतम के रूप में की गई है। युवक का शव सड़क किनारे स्थित एक गहरे गड्ढे में पाया गया। गड्ढे के भीतर ही उसकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी मिली, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वाहन सहित गिरने से उसकी मौत हुई हो सकती है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सुबह के समय जब लोग रोजमर्रा के काम के लिए उस रास्ते से गुजर रहे थे, तभी गड्ढे में एक युवक का शव दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर लोगों ने मोटरसाइकिल भी गड्ढे में पड़ी देखी। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों की मदद से शव को गड्ढे से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि युवक का शव गड्ढे में मिलने की सूचना पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। जांच में मृतक की पहचान प्रतापगढ़ निवासी संजय कुमार गौतम के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क दुर्घटना से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से संबंधित अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button