अंतिम संस्कार में जा रहे बाइक सवार तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत

कानपुर. घाटमपुर थाना क्षेत्र में अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे बाइक सवार तीन युवकों की दूध से भरे टैंकर की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक टैंकर छोड़कर फरार हो गया।
घाटमपुर के नौबस्ता निवासी बुजुर्ग महिला प्रेमा देवी की लंबी बीमारी के चलते बुधवार को मौत हो गई थी। गुरुवार को उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बलवान (35), उसका चचेरा भाई अजय (32) और सूरज (29) एक ही बाइक पर सवार होकर मूसानगर के यमुना घाट जा रहे थे।
शाखा जनवारा गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार दूध से भरे टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों युवक टैंकर के नीचे फंस गए और करीब 70–80 मीटर तक घसीटते चले गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शवों को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे करीब 8 से 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार टैंकर चालक की तलाश की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



One Comment