अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

सुल्तानपुर में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत, तीसरा गंभीर

सुल्तानपुर. जिले के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के मलिकपुर नोनरा गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीसरा बच्चा गंभीर हालत में उपचाराधीन है। घटना के बाद गांव में शोक और मातम का माहौल है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रत्नेश (14) पुत्र जियाराम और कुंदन (18) के रूप में हुई है, जबकि अमन (13) पुत्र प्रमोद गंभीर रूप से घायल है। तीनों बच्चे दोपहर करीब चार बजे गांव के आरोग्य मंदिर के पीछे स्थित तालाब पर भैंस चराने गए थे।

ग्रामीणों ने बताया कि इसी दौरान रत्नेश और कुंदन तालाब में नहाने उतरे, लेकिन तालाब की गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों डूबने लगे। साथ मौजूद अमन ने उन्हें बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी और शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों की मदद से तीनों को तालाब से बाहर निकाला गया। ग्राम प्रधान अशोक तिवारी ने अपने निजी वाहन से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादीपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रत्नेश और कुंदन को मृत घोषित कर दिया।

गंभीर रूप से घायल अमन को तत्काल सूरापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। तीनों बच्चे सामान्य परिवार से हैं और उनके पिता मजदूरी व खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button