अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

जारी बाजार में चोरों का कहर, पखवाड़े में पांचवीं बार हुई लाखों की चोरी

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). कौंधियारा थाना क्षेत्र के जारी बाजार में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात (गुरुवार रात) एक बार फिर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, 19-20 मार्च की दरमियानी रात चोरों ने स्टेट बैंक के पास स्थित राकेश अग्रहरी के मकान और उनकी फर्नीचर की दुकान को निशाना बनाया। चोरों ने दुकान में घुसकर करीब तीन लाख पचास हजार रुपये के जेवरात, एक लाख पचहत्तर हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया। घटना की जानकारी सुबह होने पर मिली, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

गौरतलब है कि जारी बाजार में पिछले पखवाड़े के भीतर यह चोरी की पांचवीं घटना है। इससे पहले 3 मार्च को रामूलाल साहू के यहां जेवरात चोरी हुई थी। छह मार्च को जावेद अली के यहां नगदी और टायर चोरी की वारदात सामने आई। नौ मार्च को आलोक केशरवानी की किराना दुकान में चोरी के दौरान एक चोर को पकड़ लिया गया था, जबकि 13 मार्च को दिलीप केसरवानी की टायर की दुकान को निशाना बनाया गया।

लगातार हो रही इन घटनाओं से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है, जिसका फायदा उठाकर चोर बार-बार वारदात को अंजाम दे रहे हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटनाओं का पर्दाफाश किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button