हर्षोल्लास मनाई गई ईद, ईदगाहों में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब

प्रयागराज (वली खान). जनपद में ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को पूरे उत्साह, उल्लास और पारंपरिक सौहार्द के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक सुबह से ही रौनक देखने को मिली। ईद की नमाज के लिए सभी छोटी-बड़ी मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और अमन-चैन व खुशहाली की दुआएं मांगीं।
सुबह होते ही मुस्लिम समुदाय के लोग नए और पारंपरिक परिधानों में सजे-धजे नमाज अदा करने के लिए घरों से निकले। मस्जिदों में नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला, जो नए कपड़े पहनकर अपने दोस्तों और परिजनों के साथ खुशियां साझा करते नजर आए। जगह-जगह मिठाइयों और सेवइयों का दौर भी चलता रहा।




शहर क्षेत्र में स्थित बाई का बाग स्थित ईदगाह, चौक जामा मस्जिद, शिया जामा मस्जिद चक ज़ीरो रोड, मस्जिद शाह वसीउल्ला रौशन बाग़, मस्जिद-ए-खदीजा करेली, मस्जिद क़ाज़ी साहब बख्शी बाज़ार, मस्जिद खानकाह दायरा शाह अजमल सहित शहर की सभी छोटी-बड़ी मस्जिदों में तय समय पर ईद-उल-फितर की विशेष नमाज़ इमामों की क़यादत में अदा की गई।
इसी तरह गंगापार के सैदाबाद, मऊआइमा, तिलईबाजार, बाबूगंज, फूलपुर, सराय ममरेज, सोरांव, लालगोपालगंज और यमुनापार के नैनी, मेजा, मांडा, भारतगंज, कोरांव, घूरपुर, जारी, कौंधियारा, जसरा, शंकरगढ़ समेत अन्य स्थानों पर ईद की नमाज पूरे अकीदत के साथ अदा की गई।
त्योहार के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल की तैनाती के साथ ही प्रमुख स्थलों पर निगरानी बढ़ाई गई, जिससे कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शांतिपूर्ण माहौल में नमाज संपन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। पूरे जिले में भाईचारे और सौहार्द का संदेश देखने को मिला, जिसने ईद के इस पावन अवसर को और भी खास बना दिया।
