ताज़ा खबरसंसार

नतान्ज परमाणु संयंत्र पर अमेरिका-इजराइल का हमला, रेडियोधर्मी रिसाव नहीं

The live ink desk. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ईरान ने अमेरिका और इजराइल पर उसके नतान्ज परमाणु संयंत्र को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। हालांकि ईरानी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस हमले के बावजूद किसी भी प्रकार के रेडियोधर्मी रिसाव की सूचना नहीं मिली है और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

ईरान का नतान्ज संयंत्र देश के प्रमुख यूरेनियम संवर्धन केंद्रों में शामिल है, जो तेहरान से लगभग 220 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है। बीते कई दिनों से चल रहे सैन्य तनाव के बीच इस हमले ने क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर चिंताएं और बढ़ा दी हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन (आईएईओ) ने दावा किया है कि शनिवार सुबह अमेरिका और इजराइल ने मध्य ईरान स्थित शाहिद अहमदी रोशन संवर्धन संयंत्र को निशाना बनाकर हमला किया। इसके बावजूद संयंत्र के भीतर या बाहर किसी प्रकार के विकिरण रिसाव की पुष्टि नहीं हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि संयंत्र के आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी कोई खतरा नहीं है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) को इस घटना की जानकारी दे दी गई है। एजेंसी ने भी प्रारंभिक आकलन में विकिरण स्तर में किसी असामान्य वृद्धि से इनकार किया है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

आईएईए प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है, ताकि किसी भी संभावित परमाणु दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवेदनशील स्थलों पर सैन्य कार्रवाई से गंभीर खतरे उत्पन्न हो सकते हैं।

गौरतलब है कि 28 फरवरी से अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के चलते हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस बीच इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने संकेत दिए हैं कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान आने वाले समय में और तेज हो सकता है, जिससे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button