पूर्व एमएलसी आनंद भूषण सिंह ‘बब्बू राजा’ का निधन, शोक की लहर
प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). प्रतापगढ़ के पूर्व एमएलसी आनंद भूषण सिंह उर्फ बब्बू राजा (Anand Bhushan Singh) का बुधवार दोपहर लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और राजधानी के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। निधन की खबर मिलते ही जिले में शोक की लहर फैल गई।
बताया जा रहा है कि बब्बू राजा मधुमेह से पीड़ित थे और पिछले कुछ दिनों से उनकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। चिकित्सकों की निगरानी के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
आनंद भूषण सिंह (Anand Bhushan Singh) को प्रतापगढ़ की राजनीति में प्रभावशाली और जनसरोकारों से जुड़े नेता के रूप में जाना जाता था। वे अपनी सादगी, मिलनसार स्वभाव और आम लोगों तक सीधी पहुंच के लिए लोकप्रिय थे। क्षेत्रीय विकास और जन समस्याओं को उठाने में उनकी सक्रिय भूमिका रही।
निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने इसे जिले के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
परिवार के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार पैतृक क्षेत्र में पूरे सम्मान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया जाएगा।


