अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

फोर लेन बनेगा नैनी-मिर्जापुर हाईवेः उज्ज्वल रमण सिंह

जाम से राहत की तैयारी, केंद्रीय मंत्री गडकरी ने दिए डीपीआर के निर्देश

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). प्रयागराज से मिर्जापुर के बीच लंबे समय से जाम और हादसों से जूझ रहे राष्ट्रीय राजमार्ग को लेकर बड़ी पहल सामने आई है। प्रयागराज के सांसद उज्ज्वल रमण सिंह (Ujjwal Raman Singh) ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari से मुलाकात कर नेशनल हाईवे-35 के चौड़ीकरण की मांग उठाई। इस पर केंद्र ने त्वरित राहत के तौर पर नैनी से मिर्जापुर तक मार्ग को फोरलेन किए जाने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है।

सांसद ने मंत्री को सौंपे गए प्रस्ताव में बताया कि प्रयागराज-मिर्जापुर मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे जाम और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। खासतौर पर मुंगारी टोल प्लाजा के पास अक्सर लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे यात्रियों को घंटों फंसना पड़ता है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि इस मार्ग से विंध्याचल धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या गुजरती है, जिससे ट्रैफिक का दबाव और बढ़ जाता है।

सांसद ने 6-लेन चौड़ीकरण की मांग रखते हुए कहा कि घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में मौजूदा सड़क क्षमता अपर्याप्त हो चुकी है। हालांकि, मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने तत्काल समाधान के रूप में पहले चरण में फोरलेन निर्माण को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नैनी से मिर्जापुर तक फोरलेन परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तीन महीने के भीतर तैयार कर प्रस्तुत की जाए, जिसमें सांसद की राय भी शामिल की जाएगी।

बैठक में यह भी सामने आया कि प्रस्तावित चित्रकूट-प्रयागराज-वाराणसी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण में अभी समय लग सकता है। ऐसे में मौजूदा हाईवे के चौड़ीकरण को अंतरिम समाधान के रूप में देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था को तत्काल राहत मिल सके।

सांसद प्रतिनिधि विनय कुशवाहा के अनुसार, केंद्र सरकार का रुख इस परियोजना को लेकर सकारात्मक है और फोरलेन बनने के बाद इस मार्ग पर यातायात सुगम होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।

स्थानीय लोगों और व्यापारिक वर्ग ने इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका मानना है कि सड़क चौड़ीकरण से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि प्रयागराज और मिर्जापुर के बीच आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button