अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

कबाड़ ट्रकों के चेचिस व रजिस्ट्रेशन नंबर पर दौड़ रहे थे वाहन, कासिम गिरफ्तार

लोन से बचने के लिए फर्जी चेचिस व रजिस्ट्रेशन नंबर का दूसरे वाहनों पर किया जा रहा था इस्तेमाल

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज इकाई ने ट्रकों के फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर और बदले हुए चेसिस नंबर के जरिए अवैध वाहन संचालन करने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र से पकड़ा गया आरोपी लंबे समय से फर्जीवाड़े के इस नेटवर्क को संचालित कर रहा था।

एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मरियाडी गांव निवासी कासिम अहमद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पुराने और कबाड़ ट्रकों के चेसिस नंबर बदलकर तथा फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहनों का संचालन करता था। इस तरीके से आरोपी लोन कंपनियों की नजर से बचते हुए ट्रकों का अवैध इस्तेमाल कर रहे थे। प्रदेश में इस तरह की गतिविधियों की लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद एसटीएफ की विभिन्न इकाइयों को सक्रिय किया गया था।

प्रयागराज एसटीएफ की टीम, निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में, इस गिरोह की तलाश में जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने कोखराज इलाके से सरगना को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह प्रयागराज के ही एक अन्य व्यक्ति अनिल तिवारी की मदद से ट्रकों के नंबर और चेसिस बदलवाता था।

एसटीएफ का मानना है कि इस गिरोह का नेटवर्क और भी व्यापक हो सकता है। पुलिस अब इससे जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और पूरे रैकेट की गहन जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button