टैक्स में कटौती से जनता को राहत, पारदर्शी ईंधन व्यवस्था की जरूरत: रजनीकांत
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). भारतीय जनता पार्टी के एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रांत सहसंयोजक रजनीकांत श्रीवास्तव ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में की गई कटौती को जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पर शुल्क को 13 रुपये से घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर इसे पूरी तरह समाप्त करना महंगाई से जूझ रहे आम उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत है। साथ ही ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निर्यात शुल्क में किए गए बदलाव को भी उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से आवश्यक बताया।
श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार कठिन वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद आर्थिक संतुलन और जनकल्याण को प्राथमिकता दे रही है, जिससे बाजार में स्थिरता बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने कुछ तत्वों द्वारा अफवाह फैलाकर भ्रम पैदा करने पर चिंता जताई और कहा कि इससे निपटने के लिए ईंधन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की जरूरत है।
उन्होंने सुझाव दिया कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति के लिए ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली लागू की जाए, जिसमें वाहन पंजीकरण और ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर सत्यापन हो। साथ ही ओटीपी आधारित व्यवस्था के जरिए निर्धारित पेट्रोल पंपों से ईंधन उपलब्ध कराया जाए और उपभोक्ताओं को अपनी पसंद के पंप का चयन करने की सुविधा दी जाए।
इसके अलावा उन्होंने पेट्रोल पंपों पर कर्मचारियों की निगरानी मजबूत करने, उनकी तैनाती का रिकॉर्ड रखने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार के ये कदम न केवल पारदर्शिता बढ़ाएंगे, बल्कि आमजन का विश्वास भी मजबूत करेंगे और देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहायक सिद्ध होंगे।



