VIP ड्यूटी में तैनात दरोगा की मौत, हार्ट अटैक से मौत की आशंका


प्रयागराज (आलोक गुप्ता). शनिवार को राज्यपाल के कार्यक्रम के दौरान एक दुखद घटना सामने आई, जहां वीआईपी ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। सब इंस्पेक्टर नकछेद कनौजिया मौजूदा समय में यमुनानगर के बारा थाने में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के प्रस्तावित दौरे को लेकर नैनी क्षेत्र के अरैल इलाके में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इसी क्रम में बारा थाने में तैनात उपनिरीक्षक नकछेद कन्नौजिया को डीपीएस स्कूल के समीप बनाए गए हेलीपैड पर सुरक्षा ड्यूटी सौंपी गई थी।
ड्यूटी के दौरान ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उनकी मौत का कारण हृदयगति रुकना बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पूरे मामले की औपचारिक जांच कराई जा रही है, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।
मृतक उपनिरीक्षक नकछेद कन्नौजिया पिछले दो वर्षों से बारा थाने में तैनात थे और मूल रूप से अयोध्या जनपद के निवासी थे। उनकी सेवा निवृत्ति में महज चार महीने का समय शेष था, ऐसे में उनके आकस्मिक निधन से विभागीय साथियों के साथ-साथ परिवार में भी गहरा शोक व्याप्त है।
पुलिस प्रशासन ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। अधिकारियों ने दिवंगत अधिकारी की सेवा और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

