नाइट क्रिकेट टूर्नामेंटः गोलइया को हरा चिल्ला ने जीता उद्घाटन मुकाबला

फाइनल विजेता को मिलेगा 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार, उपविजेता को 11 हजार
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). प्रयागराज के शंकरगढ़ क्षेत्र में शनिवार रात खेल उत्साह के बीच महिला अस्पताल परिसर में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत हुई। रोशनी में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट का उद्घाटन शाम 7 बजे हुआ, जिसमें स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। उद्घाटन मुकाबला गोलइया और चिल्ला टीमों के बीच खेला गया, जिसमें चिल्ला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की जोरदार शुरुआत की।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर डॉक्टर विनोद त्रिपाठी, ईओ अमित कुमार, समाजसेवी सुधा गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष अनूप केशरवानी, रोहित केसरवानी, मीडिया प्रभारी रामजतन बंसल, पंकज गुप्ता, नितेश केसरवानी, दीपक तिवारी, सुजीत केसरवानी और सुरेश केसरवानी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने खिलाड़ियों और दर्शकों से पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्साहपूर्वक सहभागिता की अपील की है।



प्रतियोगिता को आकर्षक बनाने के लिए पुरस्कारों की भी घोषणा की गई है। विजेता टीम को 21 हजार रुपये और उपविजेता को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक मैच में ‘मैन ऑफ द मैच’ और पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ से सम्मानित किया जाएगा।
इस आयोजन की जिम्मेदारी एक सक्रिय समिति द्वारा निभाई जा रही है, जिसमें संयोजक दुर्गेश सिंह बघेल, अध्यक्ष बलवीर सिंह, मनोज गुप्ता, उपाध्यक्ष देवा सोनी, कोषाध्यक्ष अतुल खान, लाला सिंह, मून द्विवेदी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं। समिति का उद्देश्य क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और युवाओं को सकारात्मक मंच उपलब्ध कराना है।



