भदोही में 47 भेड़-बकरी के साथ धरे गए चोर, पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम

भदोही में अंतरराज्यीय पशु चोर गिरोह का खुलासा, तीन मामले भी खुले
भदोही (संजय सिंह). जनपद में पशु चोरी की बढ़ती घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अभिनव त्यागी के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत गोपीगंज और कोइरौना थाना क्षेत्रों में दर्ज तीन मुकदमों (1 गोपीगंज, 2 कोइरौना) का सफल अनावरण करते हुए अंतरराज्यीय पशु चोर गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी प्रभात राय के नेतृत्व में 12 अप्रैल 2026 को चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 32 भेड़, 15 बकरियां (कुल 47 पशु), 25,000 रुपये नकद, एक अपाचे मोटरसाइकिल और कई पहचान पत्र बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर दिन में विभिन्न इलाकों में रेकी करते थे और रात में भेड़-बकरियां चोरी कर पिकअप वाहन से सुल्तानपुर मंडी और फतेहपुर में बेच देते थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने 5 अप्रैल 2026 को प्रयागदासपुर क्षेत्र से 52 भेड़ चोरी की थीं, जिनमें से कुछ को 73,000 रुपये में बेचा गया था। बरामद नकदी उसी बिक्री का हिस्सा बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में सलमान, मोहम्मद एहसान, कमाल खां के अलावा तीन महिलाएं—बिट्टी जान, रजनी और रागिनी शामिल हैं, जो भदोही, फतेहपुर और प्रयागराज से संबंधित हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
इस मामले में थाना गोपीगंज और कोइरौना में दर्ज मुकदमों में बीएनएस की धारा 303(2) और 317(2) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को ₹25,000 का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। पुलिस का कहना है कि जनपद में पशु तस्करी और चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

