3.57 करोड़ की कोडीनयुक्त कफ सिरफ खपाने वाला तस्कर गिरफ्तार

भदोही (संजय सिंह). कोडीनयुक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी और गैर-चिकित्सकीय उपयोग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजनपदीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने करीब ₹3,57,43,147 मूल्य की 2,44,000 बोतलों के क्रय-विक्रय का फर्जी नेटवर्क खड़ा कर अवैध तरीके से तस्करी की।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 12 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर आरोपी विजय गुप्ता को मानिकपुर तिराहे से गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने “राजेंद्र एंड संस” के माध्यम से बड़ी मात्रा में कोडीनयुक्त कफ सिरप की खरीद-बिक्री कागजों में दिखाई, जबकि वास्तविक रूप से माल को संबंधित फर्मों तक पहुंचाने के बजाय डायवर्ट कर अवैध बाजार में बेचा जाता था। यह सिरप, विशेष रूप से New Phensedyl (100 ml), नशे के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।
औषधि निरीक्षक, आजमगढ़ की रिपोर्ट (26 नवंबर 2025) के अनुसार, अलग-अलग फर्मों के जरिए हजारों बोतल कफ सिरप भदोही स्थित मेडिकल स्टोरों को बेचे जाने का रिकॉर्ड मिला था, लेकिन इनका वैधानिक सत्यापन नहीं कराया गया। आरोप है कि फर्जी बिलों और कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से इस पूरे नेटवर्क को संचालित किया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में पहले से दर्ज मुकदमों के तहत आरोपी पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं और एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(c), 27(a), 29 के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें सोनभद्र जिले में दर्ज एक अन्य मामला शामिल है।
कार्रवाई में निरीक्षक श्यामबहादुर यादव, उपनिरीक्षक रामसेवक यादव, हेड कांस्टेबल प्रेम प्रकाश दुबे और साइबर सेल के कांस्टेबल कन्हैया कुमार की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

