उत्तर प्रदेश समाचारपूर्वांचलराज्य

होमगार्ड भर्ती परीक्षा: भदोही में 74% अभ्यर्थी पहुंचे परीक्षा केंद्र

भदोही (संजय सिंह). जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 शनिवार को सख्त सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पहले दिन कुल पंजीकृत 4,992 अभ्यर्थियों में से 3,699 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,293 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार उपस्थिति दर करीब 74 प्रतिशत दर्ज की गई।

परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए शैलेष कुमार और अभिनव त्यागी ने ज्ञानपुर स्थित के.एन.पी.जी. कॉलेज परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंध, प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन और कक्ष निरीक्षण व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की।

आंकड़ों के अनुसार प्रथम पाली में 2,496 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1,841 उपस्थित और 655 अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 1,858 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 638 अनुपस्थित रहे। प्रशासन ने परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल और सेक्टर स्तर की मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू की थी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों व कक्ष निरीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई और केंद्र के बाहर भीड़ नियंत्रण के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और विद्युत आपूर्ति की स्थिति का भी निरीक्षण किया। प्रशासन के मुताबिक सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुचारु रहीं और परीक्षा निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से संपन्न कराई गई।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button