उत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपूर्वांचलराज्य

₹18.20 लाख के 104गुम मोबाइल बरामद, भदोही पुलिस ने मालिकों तक पहुंचाए

भदोही (संजय सिंह).  जनपद में गुम हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भदोही पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए कुल 104 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद उपकरणों की अनुमानित कीमत करीब ₹18.20 लाख आंकी गई है। सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द कर दिए गए।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल की निगरानी में जनपद के सभी थानों पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों को CEIR पोर्टल (Central Equipment Identity Register) के प्रभावी इस्तेमाल के निर्देश दिए गए।

पुलिस के अनुसार, जनसुनवाई, डायल 112 और ऑनलाइन शिकायतों के माध्यम से प्राप्त मामलों में मोबाइल के IMEI नंबर दर्ज कर उनकी ट्रैकिंग की गई। पोर्टल से प्राप्त सिम डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी सूचनाओं का विश्लेषण कर चरणबद्ध कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद किए जा सके।

थानावार बरामदगी के विवरण की बात करें तो ज्ञानपुर: 07, गोपीगंज: 14, कोईरौना: 05, भदोही: 18, चौरी: 04, औराई: 23, ऊंज: 11, सुरियावां: 20 और दुर्गागंज थाना क्षेत्र के 02 मोबाइल बरामद हुए। कुल बरामद मोबाइल की संख्या 104 है। इसकी अनुमालित कीमत 18.2 लाख रुपये आंकी गई है।

बरामद मोबाइलों को 15 अप्रैल को रिजर्व पुलिस लाइन, ज्ञानपुर स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उनके स्वामियों को सौंपा गया। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की सराहना की।

अपर पुलिस अधीक्षक ने इस दौरान आमजन को CEIR पोर्टल के उपयोग की जानकारी देते हुए बताया कि गुम या चोरी हुए मोबाइल को तत्काल ब्लॉक कर दुरुपयोग रोका जा सकता है। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके और तकनीकी माध्यमों से अपराध नियंत्रण को मजबूत किया जा सके।

गुम हुए मोबाइल CEIR पोर्टल  पर शिकायत करने का तरीकाः-

✅CEIR पोर्टल पर जाएं: ceir.gov.in/Home/index-hin (CEIR) वेबसाइट पर जाएं.

✅ब्लॉक स्टोलेन मोबाइल (Block Stolen Mobile): ‘Block Stolen/Lost Mobile’ विकल्प चुनें.

✅जानकारी भरें: अपना मोबाइल नंबर, IMEI नंबर, बिल, आधार कार्ड और पुलिस शिकायत की कॉपी (FIR) अपलोड करें.

✅रिक्वेस्ट आईडी: सबमिट करने के बाद आपको एक रिक्वेस्ट आईडी मिलेगी, जिससे आप स्टेटस चेक कर सकते हैं और फोन ब्लॉक होने पर अलर्ट भी पा सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button