उत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपूर्वांचलराज्य

संपूर्ण समाधान दिवस: 86 शिकायतों में 14 का तत्काल निष्तारण

भदोही (संज सिंह). जन समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से भदोही की सभी तहसीलों में शनिवार को ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ आयोजित किया गया। प्रशासनिक सक्रियता के बीच कई मामलों का मौके पर ही निपटारा हुआ, जबकि शेष शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शासन की मंशा के अनुरूप 18 अप्रैल 2026 को जनपद भदोही की ज्ञानपुर, औराई व भदोही तहसीलों में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। तहसील ज्ञानपुर में जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी और मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल की मौजूदगी में फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं।

ज्ञानपुर तहसील में कुल 32 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 6 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष मामलों के लिए राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीमें गठित कर समय-सीमा में समाधान के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में एक विधवा महिला की भूमि कब्जे की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल टीम गठित कर स्थलीय जांच और कब्जा हटाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने हर टीम के लिए एक जिम्मेदार अधिकारी नामित करते हुए उसी दिन निरीक्षण और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

अन्य तहसीलों की बात करें तो औराई में 29 शिकायतों में 4 का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि भदोही तहसील में 25 में से 4 मामलों को मौके पर हल किया गया। शेष प्रकरण संबंधित विभागों को भेजते हुए तय समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों—बाल विकास, समाज कल्याण, महिला कल्याण, स्वास्थ्य और राजस्व—द्वारा कैंप लगाकर योजनाओं की जानकारी भी दी गई। आयुष्मान कार्ड, पेंशन योजनाएं, मिशन शक्ति और परिवार नियोजन जैसे कार्यक्रमों के जरिए लोगों को जागरूक किया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेताया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि तहसील और ब्लॉक स्तर पर ही समस्याओं का समाधान हो जाए, तो उच्च स्तर पर शिकायतों की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button