यहां अपराध और अपराधियों की कोई जगह नहीं : पुलिस महानिरीक्षक

आईजी विंध्याचल रेंज का ज्ञानपुर पुलिस लाइन निरीक्षण. अपराध नियंत्रण, मेंटेनेंस और जवाबदेही पर सख्त निर्देश
भदोही (संजय सिंह). विंध्याचल परिक्षेत्र, मीरजापुर के पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह ने दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण के तहत बुधवार को पुलिस लाइन ज्ञानपुर का व्यापक निरीक्षण किया। आगमन पर पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रतिसार निरीक्षक कार्यालय, जिला नियंत्रण कक्ष, स्थानीय अभिसूचना इकाई, शस्त्रागार, कैश कार्यालय, स्टोर रूम, परिवहन शाखा व गैरेज, मेस, बैरक, आरओ वाटर कक्ष, डायल-112 इकाई सहित 15 से अधिक प्रमुख इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया और अभिलेखों के अद्यतन रखरखाव, संसाधनों के सुव्यवस्थित प्रबंधन तथा परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आईजी ने कैश कार्यालय में वेतन प्रपत्रों व पत्रावलियों के नियमित अपडेट, शस्त्रागार व स्टोर में सामग्री के वैज्ञानिक भंडारण तथा पुलिस वाहनों के समयबद्ध मेंटेनेंस पर विशेष जोर दिया। पुलिस लाइन व थानों के वाहनों के लिए निर्धारित सर्विस साइकिल का पालन, बैरकों व आवासों की साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं के मानक सुधारने के निर्देश दिए गए, ताकि फोर्स की कार्यक्षमता और प्रतिक्रिया समय बेहतर हो सके।
निरीक्षण के उपरांत आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल सहित समस्त क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। आईजी ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एनडीपीएस, अवैध शराब, गो-तस्करी, चोरी व महिला संबंधी अपराधों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
टॉप-10 अपराधियों की सूची की सतत निगरानी, गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत संपत्ति जब्ती, लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण और वांछित/पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके साथ ही यूपी-112 की पीआरवी के औसत रिस्पांस टाइम को कम करने, बिना/त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट वाले वाहनों की सघन चेकिंग, आईजीआरएस व जनसुनवाई प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और बीट स्तर पर जवाबदेही तय करने पर जोर दिया गया।
आईजी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक प्रकरण में त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अपराध नियंत्रण और जनविश्वास दोनों को सुदृढ़ किया जा सके।



