PPGCL में प्रत्येक शनिवार को लगाया जाएगा टीका, CHC शंकरगढ़ का रहेगा सहयोग

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). प्रयागराज में औद्योगिक इकाई प्रयागराज पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (PPGCL) ने सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपने हेल्थ केयर एवं वेलनेस सेंटर में बाल टीकाकरण केंद्र की शुरुआत की है। इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र में बच्चों के नियमित टीकाकरण को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
केंद्र का उद्घाटन कंपनी के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी (सीएचआरओ) एवं सस्टेनेबिलिटी व सीएसआर प्रमुख हिमल तिवारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक पांडा, एचआर, आईआर एवं प्रशासन प्रमुख जावेद सलीम खान, सीएसआर प्रमुख गीतांजलि तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह टीकाकरण केंद्र शंकरगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सहयोग से स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य नवजात एवं छोटे बच्चों को समय पर आवश्यक टीके उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, नियमित टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर बीमारियों से बचाने में प्रभावी भूमिका निभाता है, ऐसे में यह पहल क्षेत्रीय स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए उपयोगी साबित होगी।
कंपनी (PPGCL) प्रबंधन ने बताया कि यह केंद्र न केवल पीपीजीसीएल (PPGCL) के कर्मचारियों के बच्चों के लिए, बल्कि आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के परिवारों के लिए भी खुला रहेगा। इसके माध्यम से अधिक से अधिक बच्चों तक टीकाकरण सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
टीकाकरण सेवाएं प्रत्येक शनिवार को प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। कंपनी ने सभी कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाकर बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में सहयोग करें।
यह पहल कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में उठाया गया एक अहम कदम माना जा रहा है, जो निवारक स्वास्थ्य देखभाल और सामुदायिक कल्याण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

