ताज़ा खबरभारत

‘ही-मैन’ धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन, बॉलीवुड में शोक की लहर

मुंबई। भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता और सभी के प्रिय ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र का सोमवार को 89 साल की उम्र में निधन हो गया। उनकी सेहत लंबे समय से खराब थी और बीते कुछ दिनों में हालत और बिगड़ गई थी। परिवार की मौजूदगी में उन्होंने मुंबई स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। पवन हंस श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां परिवार और करीबी मौजूद रहे।

धर्मेंद्र, जिनका पूरा नाम धर्मेंद्र केवल कृष्ण देओल था, का जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसरानी गांव में हुआ था। गांव से निकलकर हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में शामिल होना, उनका सफर अपने आप में प्रेरणा बन गया। धर्मेंद्र के निधन पर देशभर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।


इंडस्ट्री में शोक—‘एक युग का अंत’

धर्मेंद्र के निधन की खबर जैसे ही सामने आई, बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर सितारों, फिल्मकारों और फैंस ने भावुक संदेशों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी।

काजोल ने इंस्टाग्राम पर लिखा— “एक नेक और महान आत्मा हमें छोड़कर चली गई। धरमजी की कमी हमेशा खलेगी। RIP।”

निर्देशक करण जौहर ने उन्हें याद करते हुए कहा— “यह एक युग का अंत है। धर्मेंद्र भारतीय सिनेमा के सच्चे लीजेंड थे। उनके जैसा कोई नहीं।”


परिवार की मौजूदगी में ली अंतिम सांस

31 अक्टूबर को नियमित जांच के लिए धर्मेंद्र को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी स्थिति धीरे-धीरे गंभीर होती गई और सांस लेने में परेशानियां बढ़ गईं।
10 नवंबर को हालत बिगड़ने पर हेमा मालिनी, सनी देओल, बॉबी देओल, ईशा, अभय और परिवार के बाकी सदस्य अस्पताल पहुंच गए थे। बाद में उन्हें घर ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।


65 साल का चमकदार करियर—हर जॉनर के बादशाह

1960 में ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ से अभिनय यात्रा शुरू करने वाले धर्मेंद्र जल्द ही युवा दिलों की धड़कन बन गए।
शोले’ में वीरू, ‘चुपके-चुपके’ में परिमल त्रिपाठी, ‘फूल और पत्थर’, ‘सीता और गीता’, ‘धरमवीर’, ‘जुगनू’, ‘यादों की बारात’ जैसी फिल्मों ने उन्हें हिंदी सिनेमा का सबसे बहुमुखी कलाकार बना दिया।

एक्शन में दम, रोमांस में दिल, कॉमेडी में टायमिंग—धर्मेंद्र हर भूमिका में अमिट छाप छोड़ते गए। इसलिए उन्हें ‘ही-मैन’ कहा गया, और इसलिए लोग उन्हें सिर्फ स्टार नहीं, अपना मानते थे।

हिंदी फिल्मों के स्वर्णिम युग की चमक आज एक सितारा कम हो जाने से थोड़ी फीकी पड़ गई है।


आखिरी बार फिल्म ‘इक्कीस’ में सुनाई देगी आवाज

धर्मेंद्र की आखिरी मौजूदगी 25 दिसंबर को रिलीज़ होने वाली फिल्म ‘इक्कीस’ में होगी। हाल ही में जारी मोशन पोस्टर में उनकी आवाज सुनाई दी, जिसने फैंस को भावुक कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button