उत्तर प्रदेश समाचारपूर्वांचलराज्य

भूमि विवाद निपटाने पहुंची संयुक्त टीम, मौके पर हुआ समाधान

भदोही (संजय सिंह). जनपद में भूमि विवादों के त्वरित और न्यायसंगत निस्तारण के लिए प्रशासन ने जमीनी स्तर पर अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को कई प्रकरणों में मौके पर पहुंचकर सीमांकन, पुनः मापन और सुलह-समझौते के जरिए विवाद सुलझाए गए।

इस दौरान शैलेष कुमार और अभिनव त्यागी ने ग्राम कोईरोना बनकट सहित अन्य स्थानों पर पहुंचकर राजस्व एवं पुलिस टीम के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शिकायतकर्ता जंगाली प्रसाद समेत अन्य मामलों में राजस्व अभिलेखों के आधार पर विधिवत सीमांकन कराया। कुछ प्रकरणों में भूमि कम पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित मामलों में राजस्व संहिता की धारा-24 के तहत पुनः सीमांकन के निर्देश दिए, ताकि विवादों का निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित हो सके।

इसी क्रम में बनकट ऊपरवार के एक अन्य भूमि विवाद में भी अधिकारियों ने मौके पर जांच कर समाधान कराया। प्रशासन के अनुसार थाना दिवस पर प्राप्त शिकायतों में से कई मामलों को प्राथमिकता पर लेते हुए संबंधित टीमों ने सीधे गांव पहुंचकर आपसी सहमति के आधार पर निपटारा कराया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई और भूमि विवाद से जुड़े सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए राजस्व, पुलिस और प्रशासनिक तंत्र को समन्वित तरीके से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन का दावा है कि इस तरह की संयुक्त कार्रवाई से लंबित मामलों में तेजी आई है और ग्रामीण क्षेत्रों में विवादों के समाधान को लेकर भरोसा बढ़ा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button