अंतरजनपदीय बदमाश बृजेश, सौरभ और शैलेष छह महीने के लिए जिला बदर
भदोही (कृष्ण कुमार द्विवेदी). नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर पेशेवर अपराधियों और समाज की शांतिभंग करने वालों को बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है। इसी क्रम में भदोही पुलिस ने जनपद के तीन पेशेवर, अंतरजनपदीय बदमाशों को छह माह के जिला बदर घोषित किया है। इन बदमाशों के खिलाफ भदोही, जौनपुर, प्रयागराज और वाराणसी में गैंगस्टर, एनएसए सहित कई संगीन धाराओं वाले ढाई दर्जन मुकदमे पंजीकृत हैं।
यह भी पढ़ेंः गांबिया के बाद उज्बेकिस्तान में भारतीय कफ सीरप के सेवन से हुई 18 बच्चों की मौत
यह भी पढ़ेंः निकाय चुनाव में खलल की आशंका पर तीन पेशेवर अपराधी जिला बदर
यह भी पढ़ेंः America: चाइना से आने वालों को लैंड करते ही दिखानी होगी कोरोना नेगेटिव की रिपोर्ट
यह जानकारी देते हुए एसपी डा. अनिल कुमार ने बताया कि मनबढ व पेशेवर अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में एडीएम शैलेंद्र कुमार मिश्र के द्वारा गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत तीन गुंडों का छह माह के जिला बदर किया गया है। इसमें पहला नाम सुरियावां के शातिर गैंगस्टर बृजेश पासी उर्फ नेता पासी पुत्र मोहन लाल पासी (निवासी कोल्हुआ, पांडेयपुर, सुरियावां) का है। नेता पासी के ऊपर भदोही सहित जौनपुर व प्रयागराज में चोरी, गैंगस्टर, गुंडा, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, जानलेवा धमकी देने के कुल-14 अभियोग पंजीकृत हैं।
दूसरा अभियुक्त भी सुरियावां थाना क्षेत्र का है। सुरियावां थाना क्षेत्र के कोछिया निवासी गैंगस्टर अभियुक्त शैलेष दुबे पुत्र अवधेश दुबे के विरुद्ध भदोही, वाराणसी व जौनपुर में हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर, गुंडा व आबकारी गैंगस्टर सहित गंभीर अपराधों के कुल नौ मामले पंजीकृत हैं। जबकि जिला बदर किया गया तीसरा अपराधी ज्ञानपुर थाने से संबंधित है। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने, असलहा लेकर लोगों को डराने के अभियुक्त गैंगस्टर सौरभ सिंह पुत्र स्व. मुन्ना सिंह उर्फ शैलेंद्र सिंह (निवासी फौदीपुर, ज्ञानपुर) के विरुद्ध चोरी, जालसाजी, एनएसए, सीएलए, आर्म्स एक्ट व गैंगस्टर के सात केस दर्ज हैं।
