कानून हाथ में लेने की चुकानी होगी कीमतः एडीजी प्रशांत कुमार
उमेश पाल हत्याकांड के शूटर अरबाज के एनकाउंटर पर बोले एडीजी, जल्द घोषित होगा फरार आरोपियों के ऊपर इनाम
लखनऊ/प्रयागराज. उमेशपाल हत्याकांड (Umesh Pal Murder Case) में प्रयागराज पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद एडीजी (लॉ एंड आर्डर) प्रशांत कुमार (ADG Prashant Kumar) ने साफ कर दिया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस माफियाओं और अपराधियों के प्रति जीरो टालरेंस की नीति के तहत सख्त कार्यवाही करेगी। एक वीडियो के जरिए जारी किए गए बयान में एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा, यूपी शासन के निर्देश के क्रम में जीरो टालरेंस की नीति आगे भी कायम रहेगी। कानून व्यवस्था हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा।
एडीजी (लॉ एंड आर्डर) प्रशांत कुमार ने कहा कि प्रयागराज में हुई उमेशपाल हत्याकांड (Umesh Pal Murder Case) में शामिल सभी अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही का आदेश दिया गया है। पुलिस सभी अपराधियों को कानून के दायरे में लाने का काम करेगी। बताया कि सोमवार को दोपहर प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र में एक मुठभेड़ (Police Encounter) हुई है, जिसमें उमेशपाल हत्याकांड में शामिल एक अभियुक्त अरबाज पुत्र आफाक (निवासी मल्लापुर, पूरामुफ्ती, प्रयागराज) घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
Also Read: Umesh Pal Murder Case: पीपलगांव में हुई मुठभेड़ में शूटर अरबाज ढेर

एडीजी ने बताया कि अरबाज के पास से 32 बोर की एक पिस्टल भी बरामद हुई है। वारदात वाले दिन अरबाज क्रेटा गाड़ी चला रहा था। इसके अलावा इसने गोली भी चलाई थी।
संरक्षण देने वालों पर होगी कार्यवाहीः एडीजी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर यूपी पुलिस द्वारा सभी पेशेवर माफियाओं, गैंगस्टर के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे शातिर, पेशेवर लोगों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ 120बी के तहत कार्यवाही की जाएगी। जो लोग भी अपराधियों को संरक्षण देंगे, वह भी उनके दोष में बराबर के भागीदार होंगे। एडीजी ने कहा, यूपी पुलिस सभी से अपील करती है कि यदि की भी आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति संरक्षण मांगे तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
जल्द घोषित की जाएगी इनाम की राशिः इसके अलावा पुलिस महानिदेशक के द्वारा स्थानीय अफसरों से कहा गया है कि इस अपराध में संलिप्त सभी अपराधियों को जल्द से जल्द कानून के दायरे में लाने का निर्देश दिया गया है। सभी पर जल्द ही इनाम घोषित किया जाएगा और इनाम की राशि विभिन्न स्तर पर बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि उक्त अपराधियों के बारे में कोई प्राइवेट व्यक्ति भी सूचना देता है तो इनाम की राशि उसे भी प्रदान की जाएगी।



