रफ्तार का कहरः बोलेरो की चपेट में आए बाइक सवार, एक की मौत, दूसरा गंभीर
कंधिया पशु चिकित्सालय के नजदीक देर रात हुआ हादसा, चौकी प्रभारी ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, घायल रेफर
चौरी/ भदोही (अनंत कुमार गुप्त). भदोही-वाराणसी मार्ग (Bhadohi-Varanasi route) पर रविवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि साथ रहा दूसरा गंभीर रूपसे जख्मी हो गया। महाराजा बलवंत सिंह जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है। यह हादसा चौरी थाना क्षेत्र के कंधिया पशु चिकित्सालय के निकट रात नौ बजे बोलेरो और बाइक के आपस में टकराने (Bolero collision) से हुआ। बोलेरो सवार लोग मिर्जापुर के चुनार से दवा लेकर जौनपुर की तरफ जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही चौरी चौकी प्रभारी अविनाश त्रिपाठी मयफोर्स मौके पर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यह हादसा तेज रफ्तार में होने की वजह से हुआ। बाइक के सामने से टकराने के कारण बोलेरो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है।
जानकारी के मुताबिक वाराणसी जनपद के सिखड़ी मिर्जा मुराद निवासी अलगू राजभर (28) पुत्र अमिताभ राजभर किसी कार्य से चौरी बाजार आया था। उसके साथ वाराणसी जनपद के बड़की, कपसेठी निवासी अजय बिंद (27) भी था। देर रात नौ बजे दोनों बाइक लेकर चौरी बाजार से कपसेठी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान मिर्जापुर से जौनपुर की तरफ जा रही बोलेरो से आमने-सामने टक्कर हो गई। कंधिया पशु चिकित्सालय के निकट हुई टक्कर (Bolero collision) के बाद राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अविनाश त्रिपाठी मय़फोर्स मौके पर पहुंचे, तब तक बोलेरो चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग चुका था। चौकी प्रभारी अविनाश त्रिपाठी ने एंबुलेंस के जरिए बाइक सवार दोनों घायलों अलगू राजभर और अजय बिंद को महाराजा बलवंत सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने बाइक चालक अलगू राजभर को मृत घोषित कर दिया, जबकि अजय बिंद की हालत को देखते हुए उसे तत्काल प्रभाव से वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
चौकी प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल से बोलेरो और बााइक को कब्जे में ले लिया गया है। दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजन मौके के लिए रवाना हो गए हैं। अलगू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। चौकी प्रभारी ने बताया कि बोलेरो सवार लोग दवा लेने के लिए मिर्जापुर जनपद के चुनार गए थे। वहां से लौटकर लोग जौनपुर के भानपुर गांव जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। भदोही-वाराणसी मार्ग पर देर रात हुुए हादसे की वजह से आसपास के लोगों की भी मौके पर भीड़ जमा हो गई थी।