लोकतंत्र की मजबूती के लिए एक-एक वोट कीमतीः अंजू देवी
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). लोकतंत्र में एक-एक मत कीमती होता है। इसलिए कल होने वाले मतदान के दिन सभी मतदाता अपने घरों से निकलें और पोलिंग सेंटर तक जाकर अपने अधिकार का इस्तेमाल करें। यह अपील नगर पंचायत शंकरगढ़ से भाजपा प्रत्याशी अंजू देवी ने की है।
बुधवार को पार्टी केंद्रीय चुनाव कार्यालय पर भाजपा प्रत्याशी अंजू देवी ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। अंजू देवी ने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सभी लोग अपना सहयोग प्रदान करें। इसके साथ ही उन्होंने कस्बे के मतदाताओं का आह्वान किया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपील ‘पहले मतदान-फिर जलपान’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र की मजबूती के लिए आगे आने की अपील की।
इसी क्रम में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने कहा चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है। लोकतंत्र में सभी को मताधिकार करने का अधिकार मिला है। मताधिकार से पूर्व सभी को सुयोग्य, निष्पक्ष और विकास करने वाले जनप्रतिनिधि का चयन कर मतदान करना चाहिए। भाजपा नेता रोहित केसरवानी ने भी सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वह लोकतंत्र के इस महापर्व में अपना योगदान देकर अपने अधिकार की सार्थकता साबित करें।
