बस इतना ही प्रेम और अपनापन चाहती है, जब भी मौका मिले प्रकृति को सहेजते रहिए
विश्व पर्यावरण दिवस पर कप्तान ने चलाई साइकिल, जिलेभर में आयोजित हुए विविध कार्यक्रम
पौधरोपण संग चला सफाई अभियान, बच्चों को जागरुक बनाने के लिए स्कूलों में हुईं प्रतियोगिताएं
भदोही (कृष्ण कुमार द्विवेदी). “वृक्ष कबहुं नहि फल भखै, नदी न संचय नीर, परमारथ के कारने, साधुन धरा शरीर”। कबीरदास द्वारा लिखित इन दो पंक्तियों में जीवनभर का सार समाया हुआ है। बस, समझने भर की देर है। जरूरत है अपनी जिम्मेदारी समझने की और उसे निभाने की। सोमवार को जनपद में विश्व पर्यावरण के दिवस के मौके पर जिला प्रशासन के साथ जनपदवासियों ने प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जो प्रेम, अपनापन दिखाया, उसकी धार को बनाए रखने की जरूरत है। हमारे इस थोड़े से प्रयास से ही प्रकृति को इतना पोषण मिलेगा, जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते।
सोमवार को विश्व पर्यावरण दिवस (World Environment Day) की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंत्र मिशन लाइफ से हुई। मिशन लाइफ के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार, एडीएम (फाइनेंस) वीरेंद्र मौर्य, एसडीएम आकाश कुमार ने पौधरोपण किया और पौधरोपण करने का उद्देश्य भी विस्तार से समझाया। एसपी डा. अनिल कुमार ने कहा, जीवनभर हम इसी प्रकृति से नाना प्रकार की वस्तुएं लेते हैं। बदले में हमारी भी कुछ जिम्मेदारी बनती है। जिसका निर्वहन हमें करना चाहिए। आसपास साफ-सफाई, पौधरोपण को हमें अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। प्रकृति को हम जितना प्रेम देंगे, बदले में हमे भी उतनी ही ताजी हवा, स्वस्थ वातावरण प्राप्त होगा।
| टीवी पर शकुनि मामा का किरदार जीवंत करने वाले गूफी पेंटल का निधन |
| 24 घंटे बाद दुमदुमा घाट पर मिला संकेत का शव, डीहा घाट पर हुआ था हादसा |

एडीएम वीरेंद्र मौर्य ने पर्यावरण प्रदूषण की वजह से होने वाली समस्याओं पर रोशनी डाली। ग्लोबल वार्मिंग की चर्चा करते हुए वीरेंद्र मौर्य ने कहा, हाल के वर्षों में ऋतुओं में बदलाव देखने को मिला है, यह इंसानी बेरुखी का ही नतीजा है। साल दर साल तापमान बढ़ता जा रहा है। बरसात का कोई समय नहीं रह गया है। ठंड भी हमसे दूर भागती जा रही है। इसलिए प्रकृति के संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी को उठानी है और आने वाली पीढ़ी को भी इसके प्रति जागरुक करना है।
विश्व पर्यावरण दिवस (World Environment Day) के मौके पर एडीएम (वित्त) ने जागरुकता साइकिल रैली को भी रवाना किया। साइकिल रैली में पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार भी शामिल हुए। यह साइकिल रैली कलेक्ट्रेट से गजधरा अमृत सरोवर तक गई और लोगों से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने की अपील की गई। इस साइकिल रैली में युवक मंगल दल के साथ-साथ प्रादेशिक विकास दल के जवान भी शामिल हुए। कप्तान ने मुख्यालय की सड़कों पर भी साइकिल चलाई और लोगों से प्रकृति को समझने और उसे सहेजने पर बल दिया।
| सामूहिक प्रयास से होगा पर्यावरण और जल का संरक्षणः अनामिका चौधरी |
| किसान सम्मान निधिः 204795 किसानों की EKYC अपूर्ण, बारा में 6416 खाते में भूमि का आंकड़ा नहीं |

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर जिलेभर के विद्यालयों में जागरुकता कार्यक्रमों काआयोजन किया गया। ग्रीष्मावकाश के बावजूद शिक्षकों और बच्चों ने इन कार्य़क्रमों भाग लिया। विद्यालयों में जागरुकता संबंधी प्रतियोगिताएं हुईं। जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण मिनी स्टेडियम चक मानधाता में पौधरोपण किया गया और मिशन लाइफ के तहत पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
मिनी स्टेडियम में रोपे गए पौधेः ग्रामीण मिनी स्टेडियम चक मानधाता में विश्व पर्यावरण दिवस के मौकेपर आयोजित कार्यक्रम के चीफ गेस्ट ब्लाक प्रमुख मनोज कुमार मिश्र ने वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान चक मानधाता, ग्राम प्रधान धारा, विशंभर पट्टी, ग्राम प्रधान चरखारी, युवक मंगल दल के पदाधिकारी एवं पीआरडी के जवानों ने सहभागिता की। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी काशीनाथ, आशीष कुमार मिश्र, व्यायाम प्रशिक्षक रवि कुमार तिवारी पर्यावरण संरक्षण पर प्रकाश डाला और पर्यावरण संरक्षण न करने से प्रकृति में हो रहे खतरनाक बदलावों से सचेत किया। इस दौरान सभी ने बरसात के मौसम में पौधरोपण करने और उसके संरक्षण की भी शपथ ली।


