Triple Murder: जमीनी विवाद में पिता-पुत्री और दामाद की गोली मारकर हत्या, आगजनी
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). समीपवर्ती जनपद कौशांबी में गुरुवार की रात पिता-पुत्री और दामाद की गोली मारकर हत्या (Triple Murder) कर दी गई। घटना से नाराज मृतक पक्ष के लोगों ने आरोपियों की कुछ झोपड़ियों को आग के हवाले करदिया। शुक्रवार की सुबह-सुबह ट्रिपल मर्डर और आगजनी की खबर लगते ही एसपी कौशांबी कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। बिगड़ने की स्थिति पर पहुंच चुके हालात पर काबू पा लिया गया है। आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक यह हत्या जमीनी विवाद में की गई है।
तिहरे हत्याकांड (Triple Murder) का यह सनसनीखेज मामला कौशांबी जनपद के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मोहीद्दीनपुर का है। जानकारी के मुताबिक यहां का निवासी होरीलाल (62) की पंडा चौराहे पर कुछ जमीन है। जिस पर वह झोपड़ी डालकर रहता था। होरीलाल के साथ उसकी बेटी बृजकली (22) और दामाद शिवसागर भी रहता था। गुरुवार की रात सभी लोग उसी झोपड़ी के बाहर चारपाई डालकर सोए थे। रात के वक्त किसी समय तीनों की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई।

शुक्रवार की सुबह जब आसपास के लोगों और मृतक पक्ष के परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। आक्रोशित लोगों ने घटना को अंजाम देने वाले लोगों की आधा दर्जन से अधिक झोपड़ियों को आग के हवाले कर दिया, जो आसपास ही लगाई गई थीं।
| विजईमऊ हत्याकांडः पुरानी रंजिश में सोते समय किया था कत्ल, तीन गिरफ्तार |
| ब्लाइंड मर्डर का खुलासाः 200 फुटेज खंगालने पर सामने आया लव स्टोरी का खौफनाक अंत |
विवाद बढ़ने की सूचना मिलन पर एसपी कौशांबी ने मातहत अफसरों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य किया। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। मृतक पक्ष के स्वजनों का कहना है कि इस हत्याकांड की जानकारी उन लोगों को सुबह हुई। घटना के बाद से आसपास के लोग अपने-अपने घरों को बंद कर भाग निकले थे। ऐसे में वारदात को लेकर शक गहराया।

इस पूरे मामले में एसपी कौशांबी का कहना है कि शुक्रवार सुबह सवा छह बजे संदीपन थाना क्षेत्र के मोहीद्दीनपुर गांव में ट्रिपल मर्डर (Triple Murder) की सूचना मिली। मृतकों में ससुर और बेटी-दामाद शामिल हैं। इस हत्याकांड से नाराज कुछ लोगों ने आसपास स्थित कुछ झोपड़ियों कोआग लगा दिया था, जिस पर काबू पा लिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
एसपी ने कहा कि इस हत्याकांड के पीछे प्राथमिक सूचना जमीनी विवाद की मिल रही है। कुछ दिन पहले विवादित भूमि की पैमाइश हुई थी। तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिजनों की तरफ से कुछ लोगों को नामजद करते हुए शिकायत की गई है। पुलिस इस मामले में सख्त कार्यवाही करेगी।




