नवोन्मेषी शिक्षकों के प्रयास से बेसिक शिक्षा को मिली नई पहचानः बीएसए
एडुस्टफ के शिक्षक समागम में जुटे प्रदेशभर के शिक्षक
भदोही. बेसिक शिक्षा प्रयाराज और स्वप्रेरित शिक्षक समूह (एडुस्टफ) के बैनर तले दो दिनी नवाचारी शिक्षक समागम काआयोजन किया गया। प्रयागराज के सारस्वत पैलेस (निकट म्यो हाल) आयोजित समागम में डायट प्राचार्य एवं सीटीई अशोक कुमार सिंह ने कहा कि टीम एडुस्टफ के प्रयास सराहनीय व अनुकरणीय है। ऐसे नवोन्मेषी शिक्षकों के प्रयासों से पूरे प्रदेश में बेसिक शिक्षा को एक नई पहचान हासिल हो रही है।
बीएसए (प्रयागराज) प्रवीण कुमार तिवारी ने मेजबान प्रयागराज के कार्यों एवं एडुस्टफ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कहा कि प्रयागराज की धरती पर प्रदेश भर के नवाचारी शिक्षकों का जुटान हो रहा है और इसके द्वारा हम सब एक दूसरे से कुछ नया सीखने और उसे अपने-अपने जनपदों में लागू करने का प्रयास करेंगे।
स्वप्रेरित शिक्षक समूह एडुस्टफ की फाउंडर जौनपुर की शिक्षिका प्रीति श्रीवास्तव ने कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसके पूर्व इस तरह की कार्यशाला का आयोजन एससीईआरटी लखनऊ और पूर्वांचल विश्विद्यालय में हो चुकी है प्रयागराज में प्रदेश के सभी जनपदों से चिन्हित ऐसे शिक्षकों को प्रतिभागिता का अवसर मिला है, जो अपने कामों से अन्य शिक्षकों के लिए निरंतर प्रेरणा उत्पन्न कर रहे हैं, साथ ही निपुण प्रदेश की संकल्पना को साकार करने में अपनी महती भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं।
प्रतिभागी शिक्षकों ने अपने कार्यों का पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुति दी। बीच-बीच में शिक्षकों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। प्रतिभागी शिक्षकों द्वारा टीचिंग लर्निंग मैटेरियल्स (TLM) का भी प्रदर्शन किया गया। प्रथम दिन इस वर्कशाप में आजमगढ़, भदोही, महोबा, बांदा, जौनपुर, प्रयागराज, कासगंज, सहारनपुर, कन्नौज, बाराबंकी, बदायूं, बिजनौर के शिक्षकों ने पीपीटी के जरिए अपने प्रयासों को प्रस्तुत किया। जबकि दूसरे दिन कन्नौज, इटावा, अलीगढ़, फतेहपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, उन्नाव, कुशीनगर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, बाराबंकी के प्रतिभागी शिक्षक शामिल हुए।
भदोही के शिक्षक विवेक कुमार सम्मानितः भदोही से शिक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव (कंपोजिट विद्यालय भगवास, ज्ञानपुर भदोही) को निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। भदोही के स्टाल पर रखी गई विभिन्न शिक्षण सामग्री जैसे टीवी, बीआर बाक्स, एलेक्सा, स्मार्ट सेक्योरिटी डोर, अगमेंटेड रियलिटी क्यूब, एम्स रूम, क्यूआर कोड के माध्यम से निर्मित विभिन्न सामग्री सभी के आकर्षण का केंद्र रही। शिक्षण सहायक सामग्री कबाड़ से जुगाड़ के तथ्य पर निर्मित की गई हैं।
| ‘सिंगल यूज प्लास्टिक से बनाएं दूरी, सेहत के लिए यह है जरूरी’ |
| वेस्ट टू आर्टः कबाड़ को किया इस्तेमाल, स्कूल में बनाया प्लास्टिक बैंक |
प्राचार्य ने प्रतिभागियों को किया सम्मानितः समापन मौके पर राज्य शैक्षिक प्रबंधन संस्थान के निर्देशक दिनेश कुमार सिंह, आंग्ल भाषा संस्थान के प्राचार्य स्कंद शुक्ल ने उपस्थित प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। स्कंद शुक्ल ने शिक्षक समूह एडुस्टफ की सराहना की। एडुस्टफ संस्थापिका प्रीति श्रीवास्तव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। संयोजिका रेनू जायसवाल ने यादों को साझा किया।
राष्ट्रगान के साथ शिक्षक समागम का समापनः अंत में राष्ट्रगान के साथ दो दिनी शिक्षक समागम का समापन हुआ। इस अवसर पर सविता सिंह, धीरज सिंह, हरिओम श्रीवास्तव, आशिया फारुखी, राम शरण शाक्य, प्रवीण कुमार, प्रकाश पाठक, मदनेश मिश्र, अखिलेश बाजपेयी, गीता देवी, शहला नाज़नीन, अफरोज खातून, आकांक्षा शंखधर, नीलकमल, रीति शुक्ला, आसमा खातून, प्रतीक गुप्ता, प्रतीक्षा त्रिपाठी, प्रतिमा मिश्रा उपस्थित रहीं।



