नरेंद्र मोदी की लोकसभा सीट बनारस से 33 नामांकन खारिज, दो निर्दल प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में
The live ink desk. वाराणसी लोकसभा सीट पर सात से 14 मई तक हुए नामांकन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) समेत कुल 41 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था, इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अजय राय ने चार-चार सेट में पर्चा दाखिल किया था। नामांकन पत्रों की जांच में कुल 33 प्रत्याशियों 38 पर्चा अलग-अलग कारणों से खारिज कर दिया गया है। इसमें कामेडियन श्याम रंगीला का भी पर्चा शामिल है, जो पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर पर्चा जमा नहीं करवाने का आरोप स्थानीय प्रशासन पर लगा रहे थे।
श्याम रंगीला का आरोप रहा कि चार दिनों तक उनका नामांकन पत्र नहीं लिया गया। इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म के साथ-साथ धरना देते हुए हंगामा भी किया। श्याम रंगीला का नामांकन खारिज किए जाने के पीछे डीईओ ने जो कारण बताए हैं, उसमें श्याम रंगीला का शपथपत्र के अपूर्ण होना पाया गया है। श्याम रंगीला ने अपना शपथपत्र ठीक से नहीं भरा था।
नामांकन पत्रों की जांचोंपरांत शेष आठ नामांकन वैध पाए गए। जिन प्रत्याशियों के नामांकन वैध पाए गए हैं, उनमें आईएनसी (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस) से अजय राय, भाजपा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi), बहुजन समाज पार्टी से अतहर जमाल लारी, अपना दल (कमेरावादी) से गगन प्रकाश यादव, राष्ट्रीय समावादी जनक्रांति पार्टी से पारसनाथ केशरी, युग तुलसी पार्टी से कोली शेट्टी शिवकुमार का नाम शामिल है। इसके अलावा निर्दल प्रत्याशी के रूप में दिनेश कुमार यादव और संजय कुमार तिवारी का नामांकन अप्रूव हुआ है।
बाबा भोलेनाथ की नगरी काशी की बनारस लोकसभा सीट इस समय सबसे हॉट सीट है, क्योंकि यहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले दो बार से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। वीवीआईपी सीटों में शामिल हो चुकी बनारस की सीट से पूर्वांचल समेत अन्य प्रदेशों से लोग पर्चा दाखिल करने के लिए पहुंचे थे। वाराणसी लोकसभा सीट पर मतदान एक जून को करवाया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ जुटा हुआ है।


