
21 जून तक गांव स्तर तक आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम, योग द्वारा शारीरिक व मानसिक विकास संभवः जिलाधिकारी
भदोही (संजय सिंह). दसवें अर्न्तराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर शनिवार को योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया। 15 जून से चलने वाले योग सप्ताह का समापन 21 जून को किया जाएगा। मुसीलाटपुर स्टेडियम में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरूद्ध त्रिपाठी, जिलाधिकारी विशाल सिंह, पुलिस अधीक्षक डा. मीनाक्षी कात्यायन, सीडीओ यशवंत कुमार सिंह ने मुसीलाटपुर स्टेडियम में दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इसके पश्चात सामूहिक योगाभ्यास किया गया और गर्ल्स फुटबाल क्लब गोपीगंज की टीम को टी-शर्ट व फुटबाल प्रदान किया गया।
योग प्रशिक्षक संदेश योगी व बहन प्रियंका ने योग सप्ताह के प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया और उससे होने वाले फायदे भी गिनाए। अनिरूद्ध त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भारतीय योग का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। यह प्राचीन भारतीय संस्कृति व परंपरा की देन है। आज भौतिकवादी, विलासी, उपभोक्तावादी, जीवन शैली मेंयोग को शामिल कर शारीरिक और मानसिक बल बढ़ाया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने बताया कि भारत की प्राचीनतम सभ्यताओं से लेकर वर्तमान में वैश्विक स्तर पर योग ने मानव जीवन को सदैव स्वथ्य व ऊर्जावान जीवन शैली प्रदान की है। भारत की योग आसनों का विदेशों में बहुतायत अपनाया जा रहा है। योग से हमारे शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक चेतना का भी विकास होता है। हमें, योग को जीवन शैली में अपनाना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक डा. मीनाक्षी कात्यायन ने बताया कि योग सप्ताह मनाए जाने का उद्देश्य तभी सफल होगा, जब जनमानस अपने जीवन शैली में योग को एक निरंतर प्रक्रिया के रूप में अपनाएं। पुलिस जवानों को दिन रात सघर्ष भरें व चुनौती भरे कार्यों को करना पड़ता है। उनके शारीरिक व मानसिक सुकून के लिए योग एक अनिवार्य व अहम हिस्सा है।
सीडीओ यशवंत कुमार सिंह ने बताया कि योग सप्ताह के आयोजन में जनपद मुख्यालय से लेकर तहसील, ब्लाक, ग्राम पंचायतों, निकायों में योग के साथ ही स्वच्छता का भी कार्यक्रम चलाया जा रहा है। 15 से 21 जून के बीच में प्रत्येक दिन सामूहिक योगाभ्यास के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार योग पर आधारित विचार संगोष्ठी, रंगोली, भाषण, पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं युनानी अधिकारी डा. अनिल राय, डा. नित्यानंद यादव ने बताया कि योग सप्ताह के तहत आज से शुरू हुए सामूहिक योगाभ्यास के साथ योग आधारित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभूति नारायण राजकीय कालेज के मैदान पर ऐतिहासिक सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा।
इस मौके पर पौधरोपण भी किया गया। इस मौके पर जिला क्रीडाधिकारी अभिज्ञान मालवीय, सीएमओ डा. संतोष कुमार चक, अपर पुलिस अधीक्षक तेजवीर सिंह, जिला सूचना अधिकारी डा. पंकज कुमार, पताजंलि योग संस्थान, गायत्री परिवार, आर्ट आफ लिविंग, ब्रह्मकुमारी, राधाकृष्ण मिशन सेवा आश्रम, शिक्षक, खिलाड़ी, पत्रकार, जनपदवासी शामिल हुए।
