सांगीपुर और पट्टी से गैर इरादतन हत्या के अभियुक्त गिरफ्तार
प्रतापगढ़ (मनीष सिंह बिसेन). अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में आज गैर इरादतन हत्या के दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी सांगीपुर और दिलीपपुर थाना क्षेत्र से की गई है। दिलीपपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुलालपुर में मारपीट के दौरान एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ेंः बरसात के बीच निकला पजावा-पत्थरचट्टी का रामदल
बताते चलें कि 30 सितंबर को दिलीपपुर क्षेत्र के गुलालपुर में जगरूप हरिजन पुत्र राम अजोर (निवासी उड़ैयाडीह,पट्टी) को कुछ लोगों ने पीटकर घायलकर दिया था। इलाज के दौरान उसकी दो अक्टूबर को उसकी मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में पट्टी पुलिस ने धारा 304 व 3(2)5 एससी/एसटी एक्ट का केस दर्ज किया था।
पट्टी के दरोगा राधेश्याम सिंह ने बताया कि आज मुखबिर की सूचना पर उक्त मामले में वांछित कुलदीप मिश्र पुत्र रामशिरोमणि मिश्र (गुलालपुर, दिलीपपुर) को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ेंः भदोही अग्निकांडः पांचवें दिन हुई सातवीं मौत
गिरफ्तारी का दूसरा मामला सांगीपुर थाना क्षेत्र का है। सांगीपुर के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र के लखरांव के पास से धारा 304 की विवेचना के दौरान प्रकाश में आए वांछित नरेश सरोज पुत्र इंद्रपाल सरोज (निवासी लखरांव, थाना सांगीपुर) को गिरफ्तार किया गया है।
कुंडा में धरा गया दुष्कर्म का वांछितः कुंडा कोतवाली के उप निरीक्षक राज्याभिषेक मिश्र ने क्षेत्रभ्रमण के दौरान मुखबिर की सूचना पर दुष्कर्म के अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। बताया कि कुंडा के मेन चौराहा के पास से धारा 376, 506 में वांछित चल रहे अभियुक्त मिथिलेश कुमार पटेल पुत्र कंधई लाल (बसहीपुर, कुंडा) को गिरफ्तार किया गया है।