गैस सिलेंडर फटने से दो लोगों की मौत, गुब्बारे में हवा भरते समय हुआ हादसा
उन्नाव (the live ink desk). दशहरा के उपलक्ष्य में आयोजित मेले में गुब्बारे में हवा भरने वाला गैस सिलेंडर फट गया, इस हादसे में गुब्बारा विक्रेता समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई जख्मी हो गए। यह हादसा जनपद के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के ऊगू गांव में हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही मुकामी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। सीएचसी सफीपुर से चार घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। छानबीन में पता चला कि यह दुर्घटना गुब्बारे में हवा/गैस भरते समय हुई।
यह भी पढ़ेंः कहर ढा रहा मानसूनः रात ऐसा लगा जैसे आसमान फट गया, 30 से अधिक लोगों की मौत
जानकारी के मुताबिक सफीपुर थाना क्षेत्र के मवईभान गांव निवासी गजराच पुत्र कालीचरण गुब्बारा की बिक्री करता है। रविवार को वह ऊंग में आयोजित दशहरा मेले में गुब्बारा बेचने गया था। बताया जाता है कि गुब्बारे में हवा भरने के दौरान गैस से भरा सिलेंडर फट गया और उसकी चपेट में आने से गजराज के साथ ही मौके पर खड़ा रवि नामक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके अलावा आसपास की दुकानों पर रहे आधा दर्जन अन्य लोग घायल हो गए।
यह भी पढ़ेंः Squash Competition: संदीप, आदर्श, अंकित, अक्षत और अर्जुन अगले दौर में
दशहरा मेले में गैस सिलेंडर फटने की सूचना मिलते ही मुकामी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी सफीपुर ले जाया गया, जहां गजराज और रवि को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को जिला अस्पताल के लिए भेज दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गैस सिलेंडर का धमाका इतना तेज था कि विस्फोट के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी मौका मुआयना किया।



